8 july : dehradun!
उत्तराखंड में खेलों के विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शिलान्यास राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को किया जाएगा। हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में स्थापित होने वाली इस यूनिवर्सिटी का शिलान्यास मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। खास बात यह है कि इसी दिन से विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र और कक्षाओं की भी शुरुआत होगी।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि पहले सत्र में बीएससी स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म सहित कई अन्य पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को विश्वविद्यालय की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्धारित समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी हो सकें।
इसी के साथ राज्य सरकार नई खेल नीति तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर रही है। खेल मंत्री ने विभागीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नई नीति बनाने से पहले आम जनता, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से सुझाव आमंत्रित किए जाएं। इसके लिए जल्द ही एक ऑनलाइन लिंक जारी किया जाएगा, जहां लोग अपने सुझाव दे सकेंगे।
रेखा आर्या ने कहा कि नई खेल नीति में केंद्र सरकार की खेल नीति के प्रमुख प्रावधानों को शामिल करने के साथ-साथ उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उपयोगी सुझावों को नई खेल नीति का हिस्सा बनाया जाएगा, जबकि बेहतर सुझाव देने वाले लोगों को सम्मानित करने की भी योजना है।
बैठक में पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही कुछ खिलाड़ियों को राज्य की खेल अकादमियों में समायोजित करने की तैयारी भी की जा रही है। सरकार का उद्देश्य खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य और प्रदेश में खेल संस्कृति को नई पहचान देना है।

