8 june 2026
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नीट-यूजी 2026 की पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शहर सूचना पर्ची जारी कर दी है। इसके साथ ही लाखों उम्मीदवारों को यह जानकारी मिल गई है कि उनकी परीक्षा किस शहर में आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने उम्मीदवारों से आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने की अपील की है ताकि परीक्षा और एडमिट कार्ड से जुड़ी किसी भी नई सूचना से वे समय रहते अवगत हो सकें।
एनटीए द्वारा जारी सूचना के अनुसार, नीट-यूजी 2026 की पुनः परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में पेन और पेपर मोड में संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्रों और शहरों की जानकारी उम्मीदवार अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड की सहायता से आधिकारिक पोर्टल पर लॉग इन करके प्राप्त कर सकते हैं।
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शहर सूचना पर्ची को एडमिट कार्ड न समझा जाए। यह केवल उम्मीदवारों को उनके परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी देने के उद्देश्य से जारी की गई है। वास्तविक एडमिट कार्ड अलग से जारी किया जाएगा, जिसमें परीक्षा केंद्र का पूरा पता, रिपोर्टिंग समय और अन्य महत्वपूर्ण निर्देश शामिल होंगे।
गौरतलब है कि मेडिकल और डेंटल समेत विभिन्न स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी 2026 परीक्षा का आयोजन 3 मई को किया गया था। हालांकि, परीक्षा के बाद पेपर लीक के आरोप सामने आने पर मामले ने तूल पकड़ लिया। बढ़ते विवाद और पारदर्शिता बनाए रखने की आवश्यकता को देखते हुए एनटीए ने 12 मई को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया था।
वर्तमान में इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की जा रही है। जांच एजेंसी कथित पेपर लीक और उससे जुड़े नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है। इसी बीच छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुनः परीक्षा की तिथि 21 जून निर्धारित की गई है।
एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक माध्यमों से जारी अपडेट को ही मान्य समझें। परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं जल्द ही एजेंसी की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

