देहरादून, 28 जुलाई ; देहरादून।
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के मद्देनज़र देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी आशीष चौहान ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव, भूस्खलन और सड़कों के बाधित होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में स्कूली बच्चों के आवागमन में किसी भी प्रकार का जोखिम न हो, इसके लिए एहतियातन अवकाश घोषित किया गया है। सभी शिक्षण संस्थानों को डीएम के आदेशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें और केवल जिला प्रशासन एवं संबंधित विद्यालयों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी के आदेशों का सभी विद्यालयों द्वारा अनिवार्य रूप से पालन किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही नियमित रूप से शिक्षण कार्य शुरू किया जाएगा। जिला प्रशासन ने लोगों से भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

