2 august 2026 ; Dehradun।
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी और राज्य सरकार ने संगठनात्मक तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में विभिन्न बोर्डों, निगमों, आयोगों और प्राधिकरणों में नियुक्त दायित्वधारियों के साथ विस्तृत बैठक की। इस दौरान राज्य के विकास, जनकल्याण, जनहित और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दायित्वधारियों की भूमिका केवल उनके कार्यालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सरकार और जनता के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बनना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की सही जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
मुख्यमंत्री ने सभी दायित्वधारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जनसंपर्क बनाए रखने और स्थानीय स्तर पर लोगों से सीधे संवाद करने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त शिकायतों और सुझावों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके शीघ्र समाधान के लिए सक्रिय प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है, जिसमें दायित्वधारियों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।
बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी संगठनात्मक विषयों पर दायित्वधारियों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में प्रत्येक दायित्वधारी को एक-एक संगठनात्मक मंडल की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि पार्टी के कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने सभी से संगठन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी दायित्वधारियों को डिजिटल माध्यमों पर भी सक्रिय रहना चाहिए। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों तथा विकास कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सोशल मीडिया प्रभावी साधन साबित हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए भाजपा संगठन अब दायित्वधारियों को भी चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न आयोगों, निगमों, बोर्डों और प्राधिकरणों में नियुक्त सौ से अधिक दायित्वधारियों को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया जाएगा। वे केवल प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि पार्टी के कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
आने वाले दिनों में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा, रक्षाबंधन जैसे संगठनात्मक कार्यक्रमों सहित विभिन्न अभियानों में भी दायित्वधारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पार्टी का उद्देश्य है कि सरकार की योजनाओं और संगठन के संदेश को गांव-गांव और हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, जिससे आगामी चुनावों में मजबूत जनसंपर्क और बेहतर संगठनात्मक समन्वय स्थापित किया जा सके।

