देहरादून ; 07.10.2026,
देहरादून। सरकारी विभागों में होने वाली खरीद को लेकर राज्य सरकार ने गुणवत्ता मानकों के पालन पर जोर दिया है। सचिवालय में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) से जुड़ी राज्य स्तरीय समिति की बैठक में तय किया गया कि खरीद प्रक्रिया में केवल निर्धारित नियमों को पूरा करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि संबंधित सामान के लिए लागू BIS मानकों को भी अनिवार्य रूप से ध्यान में रखा जाएगा।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी खरीद के दौरान गुणवत्ता से जुड़े मानकों की जांच और अनुपालन को प्रक्रिया का अहम हिस्सा बनाया जाए। इसके लिए BIS को संबंधित विभागों के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने को कहा गया है।
बैठक में खास तौर पर क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर्स (QCO) को लेकर विभागीय अधिकारियों की समझ बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही उद्योगों और कारोबारियों को भी इन प्रावधानों की जानकारी देने के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों को BIS विशेषज्ञों के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिलाने पर भी जोर दिया गया, ताकि मानकों के पालन में किसी तरह की अस्पष्टता न रहे।
मुख्य सचिव ने कहा कि BIS से संबंधित जानकारी केवल सचिवालय या विभागीय मुख्यालय तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। आवश्यक दिशा-निर्देश सभी संबंधित विभागों तक पहुंचाने के साथ सचिव स्तर पर नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारियों के साथ होने वाली बैठकों में भी BIS के विषयों को शामिल करने पर जोर दिया गया, ताकि मानकों से जुड़ी व्यवस्था जिला स्तर तक प्रभावी रूप से लागू हो सके।
उपभोक्ताओं को भी जागरूक करने की तैयारी
बैठक में सरकारी व्यवस्था के साथ आम उपभोक्ताओं को जागरूक करने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए BIS CARE ऐप का अधिक से अधिक प्रचार करने के निर्देश दिए गए। इस ऐप की मदद से उपभोक्ता किसी उत्पाद पर लगे ISI मार्क और लाइसेंस नंबर की जांच कर सकते हैं। इलेक्ट्रॉनिक सामान के R-नंबर और सोने के आभूषणों पर दर्ज HUID नंबर का सत्यापन भी किया जा सकता है।
उपभोक्ता ऐप के माध्यम से BIS मानकों से जुड़ी जानकारी हासिल करने के अलावा नकली ISI मार्क, मानकों के उल्लंघन अथवा अन्य गड़बड़ियों की शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। बैठक में इस डिजिटल सुविधा को उपभोक्ता जागरूकता से जोड़ते हुए इसके व्यापक इस्तेमाल पर जोर दिया गया।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, BIS के उप महानिदेशक नॉर्थ दीपक कुमार सिंघला, हेमंत बी. अदे, अपर सचिव नवनीत पाण्डेय, रुचि मोहन रयाल, झरना कामठान सहित संबंधित विभागों और संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

