देहरादून ; 18.09.2026।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आम लोगों के बीच सहज अंदाज एक बार फिर देखने को मिला। मियांवाला में जल सृष्टि पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम से वापस लौटते समय मुख्यमंत्री का काफिला जब विभिन्न इलाकों से गुजर रहा था, तो सड़क के किनारे बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बच्चे नजर आए। मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए लोग काफी उत्साहित थे। लोगों के इस उत्साह और आत्मीयता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अचानक अपना काफिला रुकवाने का निर्णय लिया।
काफिला रुकते ही मुख्यमंत्री वाहन से उतरे और सीधे लोगों के बीच पहुंच गए। मुख्यमंत्री को अचानक अपने सामने देखकर वहां मौजूद बच्चों और स्थानीय लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कुछ ही देर में लोगों ने उनसे बातचीत शुरू कर दी, वहीं बच्चों और युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ फोटो और सेल्फी लेने की इच्छा जताई।
मुख्यमंत्री ने भी लोगों को निराश नहीं किया। उन्होंने बेहद सहजता के साथ बच्चों, युवाओं, महिलाओं और अन्य स्थानीय नागरिकों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान कई बच्चों के लिए यह पल खास बन गया। मुख्यमंत्री के साथ फोटो लेने की खुशी उनके चेहरों पर साफ नजर आई।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी बातचीत की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और उनकी दिनचर्या को लेकर बातचीत की। बच्चे भी मुख्यमंत्री के साथ खुलकर बात करते नजर आए। वहीं स्थानीय लोगों ने भी मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए अपने अनुभव और भावनाएं साझा कीं। मुख्यमंत्री ने लोगों की बातों को ध्यान से सुना और उनके साथ आत्मीयता से बातचीत की।
मुख्यमंत्री के इस अचानक रुकने से कुछ देर के लिए सड़क किनारे एक अलग ही माहौल बन गया। जो लोग दूर खड़े होकर मुख्यमंत्री के काफिले को गुजरते हुए देखने का इंतजार कर रहे थे, उन्हें सीधे मुख्यमंत्री से मिलने और बातचीत करने का मौका मिला। खासकर बच्चों के लिए यह मुलाकात किसी खास याद की तरह रही।
मौके पर मौजूद लोगों के बीच मुख्यमंत्री का यह सहज व्यवहार चर्चा का विषय बना रहा। मुख्यमंत्री का सुरक्षा और प्रोटोकॉल के बीच से निकलकर स्वयं आमजन के पास पहुंचना लोगों को खासा पसंद आया। तस्वीरों और सेल्फी के साथ हुई यह छोटी-सी मुलाकात स्थानीय लोगों के लिए लंबे समय तक याद रहने वाला पल बन गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता के बीच जाकर उनसे मिलना और उनकी बात सुनना उनके लिए हमेशा खुशी का विषय रहा है। प्रदेशवासियों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

