देहरादून ; 10.09.2026।
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के भ्रमण के दौरान बरेली रोड स्थित बेरीपड़ाव के प्रसिद्ध श्री महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने मंदिर में मां महालक्ष्मी की आराधना कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने उत्तराखंड के निरंतर विकास तथा राज्य की जनता के कल्याण के लिए भी प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रगति के साथ प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव और जनकल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा। मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक मां महालक्ष्मी का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, सांसद अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भी उपस्थिति रही।
मुख्यमंत्री का यह धार्मिक दौरा उनके नैनीताल भ्रमण का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, जहां उन्होंने प्रदेश की शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए देवी मां से आशीर्वाद मांगा।

