देहरादून ; 23.08.2026,
देहरादून। शहर के प्रेमनगर और पटेलनगर इलाकों में हॉस्टल व पीजी में रहकर अनुशासन तोड़ने और देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वाले छात्र-छात्राओं पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार देर रात पुलिस की कई टीमों ने दोनों क्षेत्रों में स्थित हॉस्टल और पेइंग गेस्ट सुविधाओं का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान नियमों में खामियां मिलने पर सात संचालकों को नोटिस जारी किए गए, जबकि एक संचालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, देर रात बिना उचित कारण घूमते मिले 17 छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
यह अभियान एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर चलाया गया। पुलिस टीमों ने हॉस्टल और पीजी में रहने वाले युवाओं की जानकारी जुटाने के साथ ही संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं के ठहरने वाले परिसरों में सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था होना जरूरी है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
पुलिस ने संचालकों को यह भी कहा कि हॉस्टल और पीजी में रहने वाले सभी छात्र-छात्राओं का सत्यापन पूरा कराया जाए। इसके अलावा रात के समय परिसर में प्रवेश की व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बाहर से आने वाले किसी व्यक्ति को बिना पहचान और सत्यापन के हॉस्टल या पीजी में प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए।
अधिकारियों ने संचालकों को आने-जाने वाले बाहरी लोगों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा है। पुलिस का मानना है कि ऐसी व्यवस्था से असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ किसी घटना की स्थिति में संबंधित लोगों की पहचान करने में भी मदद मिलेगी।
पुलिस ने साफ किया है कि शिक्षण संस्थानों के आसपास रहने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। हॉस्टल और पीजी संचालकों को नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी भी तय की जा रही है। आने वाले दिनों में भी ऐसे परिसरों की जांच जारी रहने के संकेत दिए गए हैं।

