देहरादून ; 20.08.2026।
देहरादून। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का सहज और संवेदनशील अंदाज चर्चा का विषय बन गया। प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा अधिकारियों को संबोधित करने के बाद ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारियों और अकादमी के फैकल्टी सदस्यों के साथ उपराष्ट्रपति की सामूहिक तस्वीर होनी थी। इसी दौरान मौसम ने करवट ली और बारिश शुरू हो गई। व्यस्त कार्यक्रम के चलते फोटो सेशन को स्थगित करने पर भी विचार किया गया।
इसी बीच उपराष्ट्रपति की नजर व्हीलचेयर पर बैठे प्रोफेसर प्रशांत ढांडा पर पड़ी। उन्होंने औपचारिकताओं की परवाह किए बिना मंच से नीचे उतरकर खुद उनके पास जाने का फैसला किया। उपराष्ट्रपति ने प्रोफेसर से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीर भी खिंचवाई।
अचानक हुए इस आत्मीय व्यवहार ने कार्यक्रम का माहौल ही बदल दिया। वहां मौजूद लोगों के लिए यह केवल एक तस्वीर का पल नहीं था, बल्कि यह संदेश भी था कि पद और प्रोटोकॉल से ऊपर मानवीय संवेदनाएं होती हैं।
उपराष्ट्रपति का प्रोफेसर के पास स्वयं पहुंचना और उनके साथ सहजता से तस्वीर खिंचवाना समारोह की सबसे यादगार घटनाओं में शामिल हो गया। इस छोटे से लेकिन भावुक पल ने उपस्थित लोगों के बीच उनकी संवेदनशीलता और सरल व्यवहार की अलग छाप छोड़ी।

