देहरादून ; 17.08.2026
देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय रक्षक संघ के द्विवार्षिक चुनाव में नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। सचिवालय परिसर में आयोजित आम सभा के दौरान आगामी दो वर्षों के लिए पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
मुख्य सुरक्षा अधिकारी एवं संघ के संरक्षक तथा मुख्य चुनाव अधिकारी जीवन सिंह बिष्ट ने निर्वाचन की जानकारी देते हुए बताया कि आम सभा में संघ के सदस्यों ने आपसी सहमति से नई टीम का चयन किया। नई कार्यकारिणी में विनयपाल सिंह को अध्यक्ष और पूनम को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दिनेश उनियाल को महासचिव चुना गया।
इसके अलावा राकेश रयाल और हेमा चंद को संयुक्त सचिव तथा मनोज पंवार को कोषाध्यक्ष बनाया गया। कार्यकारिणी सदस्य के तौर पर आशीष कुमार, नीरज कुमार, नीशू, सूचिता, विशाल और रीना नेगी को भी सर्वसम्मति से जिम्मेदारी दी गई।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने निर्वाचन के बाद संघ के सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी कर्मचारियों की समस्याओं और हितों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करेगी। साथ ही संघ के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय, आपसी एकजुटता और संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।
नई टीम ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों से जुड़े विषयों को उचित मंच पर मजबूती के साथ उठाने के साथ-साथ संघ की कार्यप्रणाली को अधिक सक्रिय और व्यवस्थित बनाने के प्रयास किए जाएंगे। पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से सहयोग की अपील करते हुए संगठन की एकता बनाए रखने का संकल्प भी व्यक्त किया।

