Dehradun ; 16 august 2026।
देहरादून जिले की त्यूणी तहसील क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुरटाड गांव के समीप तुंगाण से त्यूणी की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना रविवार सुबह करीब पांच बजे हुई। बताया जा रहा है कि पिकअप पुरटाड के पास पहुंचा ही था कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसके बाद वाहन करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा और पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही त्यूणी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से खाई में उतरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान वाहन में सवार खजानदास (40), निवासी मोरी, उत्तरकाशी की मौत हो चुकी थी। वहीं हादसे में रवि, निवासी मोरी, गंभीर रूप से घायल मिला।
घायल रवि को तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए त्यूणी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। हादसे की सूचना मृतक और घायल के परिजनों को भी दी गई है।
त्यूणी थाना पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। थानाध्यक्ष कुलदीप शाह ने हादसे में एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के घायल होने की पुष्टि की है।

