13 august 2026 ; Dehradun।
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास में स्वयं तिरंगा फहराकर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक स्थानों पर राष्ट्रध्वज लगाने की अपील की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की पहचान, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। इसके तीनों रंग और अशोक चक्र देश के संघर्ष, त्याग, शांति, प्रगति और राष्ट्रीय मूल्यों की भावना को अपने भीतर समेटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को केवल स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी गतिविधि के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे देश के प्रति नागरिकों के दायित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की अभिव्यक्ति के तौर पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि अभियान में भाग लेते समय राष्ट्रध्वज की गरिमा और निर्धारित नियमों का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार के बड़े अपने बच्चों और युवाओं को भी तिरंगे के महत्व तथा उसके सम्मान से अवगत कराएं, ताकि आने वाली पीढ़ी में देश के प्रति जिम्मेदारी, सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब व्यापक जनभागीदारी का रूप ले चुका है। इसका उद्देश्य देश के नागरिकों को राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जब बड़ी संख्या में लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराते हैं तो इससे देश की एकजुटता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश मजबूत होता है।
उत्तराखंड के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की पहचान देशसेवा और सैन्य परंपरा से भी जुड़ी हुई है। प्रदेश के अनेक वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे में उत्तराखंड के प्रत्येक परिवार की इस अभियान में भागीदारी देश के प्रति सम्मान और वीर सैनिकों के प्रति श्रद्धा की अभिव्यक्ति भी होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वतंत्रता दिवस की भावना को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति जिम्मेदारी को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने सभी से मिलकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने और राष्ट्रध्वज की गरिमा को बनाए रखते हुए देश की एकता एवं गौरव को और मजबूत करने का आह्वान किया।

