13 august 2026 ; Dehradun।
नई टिहरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से टिहरी गढ़वाल जिले में हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक रूप देने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नई टिहरी में अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार किए गए प्रचार वाहन को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने अभियान के तहत जिले में संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, गौरव, त्याग और एकता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और जिम्मेदारी को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलता है।
डीएम ने जिले के लोगों से अपील की कि वे अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब इसमें समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी हो।
फोटो प्रदर्शनी के जरिए स्वतंत्रता गाथा से होंगे लोग रूबरू
नई टिहरी में केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), देहरादून की ओर से आयोजित की जा रही फोटो प्रदर्शनी भी अभियान का प्रमुख आकर्षण रहेगी। प्रदर्शनी में हर घर तिरंगा, विभाजन की विभीषिका और वंदे मातरम् जैसे विषयों के माध्यम से देश के स्वतंत्रता संघर्ष, राष्ट्रीय ध्वज के विकास एवं उसकी गौरवपूर्ण यात्रा तथा देशभक्ति से जुड़े विभिन्न पहलुओं को चित्रों और प्रदर्शनों के माध्यम से सामने रखा जाएगा।
प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं और नई पीढ़ी को देश के इतिहास तथा स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों से परिचित कराना भी है। इसके माध्यम से राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
14 और 15 अगस्त को होंगे विशेष आउटरीच कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान CBC के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने 14 और 15 अगस्त को नई टिहरी में प्रस्तावित एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों को एक मंच पर लाकर आमजन तक स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
प्रचार वाहन के रवाना होने के साथ जिले में अभियान के जनसंपर्क कार्यक्रमों को भी गति मिलने की उम्मीद है। प्रशासन का प्रयास है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टिहरी जिले के अधिक से अधिक परिवार राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और आजादी के पर्व को उत्साह, सम्मान तथा राष्ट्रभक्ति के साथ मनाएं।

