10 august 2026 ; Dehradun।
देहरादून। राजधानी देहरादून में देर रात हुई तेज बारिश के बीच कारगी ग्रांट क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। बंजारावाला चांचक चौक के समीप मुस्लिम बस्ती स्थित बिस्मिल्लाह चौक में एक मकान और दो दुकानें अचानक ढह गईं। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि रातभर बारिश के बाद सुबह बिस्मिल्लाह चौक क्षेत्र में मकान और दुकानों के ढहने की जानकारी सामने आई। अचानक हुए इस हादसे से आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और प्रभावित स्थानों से सामान को सुरक्षित जगह पहुंचाने का काम शुरू किया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान और दुकानों के गिरने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लोग अपने स्तर पर आसपास के हिस्सों को खाली कराने और जरूरी सामान सुरक्षित करने में जुटे रहे।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रभावित भवन और दुकानों के आसपास लोगों की आवाजाही को लेकर सावधानी बरती जा रही है। हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में कमजोर और जर्जर निर्माण को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे भवनों की समय रहते जांच और जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से किसी बड़े नुकसान को रोका जा सके।

