2 august 2026 ; Dehradun।
देहरादून। थैलेसीमिया जैसी गंभीर आनुवंशिक बीमारी के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए रविवार को देहरादून में ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन का आयोजन किया गया। वीरा फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ खेल मंत्री रेखा आर्या ने पवेलियन ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर किया।
मैराथन पवेलियन ग्राउंड से शुरू होकर कनक चौक, दिलाराम चौक और ब्रह्मकमल चौक से गुजरते हुए पुनः पवेलियन ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का जोश देखने लायक था। आयोजन का उद्देश्य केवल दौड़ का आयोजन करना नहीं, बल्कि लोगों तक यह संदेश पहुंचाना था कि थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समय रहते जागरूक होना और नियमित स्वास्थ्य जांच कराना बेहद जरूरी है। साथ ही स्वस्थ जीवन के लिए खेल और व्यायाम को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का भी संदेश दिया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम और खेलकूद को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फिट व्यक्ति ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की मजबूत नींव रख सकता है। उन्होंने वीरा फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजन लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मैराथन प्रतियोगिता के बालक वर्ग में रोहित ने प्रथम स्थान हासिल किया। अर्जुन दूसरे और हिमांशु बिष्ट तीसरे स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में दीपांजलि यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। सोनाक्षी ने दूसरा और आराधना ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा नीतू यादव, राधिका, अर्चना और जीविका सहित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड की कई छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष दस प्रतिभागियों में अपनी जगह बनाई और विद्यालय का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्या, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजीव रंजन कुमार, वीरा फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. रितु डोभाल, रोटरी क्लब देहरादून सेंट्रल की अध्यक्ष अंजना साहनी, नीतू सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को समाजहित में महत्वपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने पर बल दिया।

