31 july 2026 ; Dehradun!
सहारनपुर। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) मेरठ ने वर्ष 2026 की अग्निवीर भर्ती रैली का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। भर्ती रैली का आयोजन 17 अगस्त से 09 सितंबर 2026 तक डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, सहारनपुर में किया जाएगा। इसके अलावा अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (एसकेटी) श्रेणी के उम्मीदवारों की भर्ती 07 और 08 अक्टूबर 2026 को बीईजी एंड सेंटर, रुड़की में आयोजित होगी।
भर्ती कार्यालय के अनुसार इस रैली में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे जिन्होंने ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) सफलतापूर्वक पास किया है। बिना सीईई उत्तीर्ण किए किसी भी उम्मीदवार को रैली में प्रवेश नहीं मिलेगा।
13 जिलों के अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
यह भर्ती रैली एआरओ मेरठ के अधिकार क्षेत्र के 13 जिलों के युवाओं के लिए आयोजित की जा रही है। इनमें मेरठ, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा और रामपुर शामिल हैं। प्रत्येक जिले और तहसील के उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं ताकि भर्ती प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस तरह रहेगा भर्ती कार्यक्रम
17 अगस्त से 01 सितंबर तक विभिन्न जिलों के उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD) की भर्ती होगी। इसके बाद 02 सितंबर को सभी निर्धारित जिलों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) तथा अग्निवीर टेक्निकल श्रेणी की भर्ती आयोजित की जाएगी।
03 और 04 सितंबर को अलग-अलग जिलों के उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर टेक्निकल भर्ती का कार्यक्रम तय किया गया है।
वहीं, 07 अक्टूबर को बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर के अभ्यर्थियों के लिए तथा 08 अक्टूबर को गौतम बुद्ध नगर, अमरोहा, रामपुर, सहारनपुर और शामली के उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी भर्ती रैली रुड़की स्थित बीईजी एंड सेंटर में आयोजित होगी।
चयन प्रक्रिया में होंगे कई चरण
भर्ती रैली के दौरान उम्मीदवारों को निर्धारित मानकों के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा (PFT), शारीरिक माप परीक्षण (PMT), दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण से गुजरना होगा। सभी चरणों में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों का चयन सेना के निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।
एडमिट कार्ड और दस्तावेज पहले से रखें तैयार
भर्ती कार्यालय ने सभी उम्मीदवारों को समय रहते अपना रैली एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करने की सलाह दी है। रैली में शामिल होने के समय अभ्यर्थियों को अधिसूचना में बताए गए सभी मूल दस्तावेज, प्रत्येक की तीन स्वप्रमाणित फोटोकॉपी तथा 20 हालिया रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे।
दस्तावेजों में रैली एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), निवास प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र तथा ऑनलाइन पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेख शामिल रहेंगे।
अभ्यर्थियों को दी गई महत्वपूर्ण सलाह
सेना भर्ती कार्यालय ने युवाओं को स्पष्ट रूप से आगाह किया है कि भर्ती पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत होगी। किसी भी दलाल, एजेंट या भर्ती कराने का दावा करने वाले व्यक्ति के झांसे में न आएं और किसी को भी धनराशि न दें। भर्ती केवल निर्धारित नियमों और योग्यता के आधार पर ही की जाएगी।
युवाओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी निर्धारित तिथि पर समय से पहले भर्ती स्थल पहुंचें, सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और भर्ती से संबंधित आधिकारिक निर्देशों का पालन करें ताकि प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।

