31 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आम जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक मामले में समयबद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के अलावा गढ़वाल मंडल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए लोगों को जल्द राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का संवेदनशील और परिणामकारी समाधान करना है, इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा एवं चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर सरकार की निरंतर निगरानी के कारण तीर्थयात्रियों को बेहतर अनुभव मिला है। उन्होंने यात्रा मार्ग पर विकसित की गई व्यवस्थाओं और प्रशासनिक समन्वय की भी सराहना की।
वहीं विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर राज्य सरकार द्वारा स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरकार का संतुलित दृष्टिकोण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों के हितों को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि आम नागरिकों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

