31 july 2026 ; Dehradun!
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भट्टा फॉल का जलस्तर अचानक बढ़ गया। लगातार बारिश के चलते झरने का बहाव बेहद तेज हो गया और पानी पूरे वेग के साथ नीचे गिरता नजर आया। इस दौरान फॉल का रौद्र रूप देखने के लिए मौके पर मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिन्होंने इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, भारी वर्षा के कारण शहर का अधिकांश बारिश का पानी भट्टा फॉल की ओर पहुंचा, जिससे झरने में पानी की मात्रा सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गई। तेज गर्जना के साथ गिरता पानी मानसून के प्रभाव को साफ तौर पर दर्शा रहा था।
मानसून के मौसम में भट्टा फॉल का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन जलस्तर बढ़ने के साथ यहां खतरा भी बढ़ जाता है। तेज बहाव को देखते हुए लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाए रखी। ऐसे मौसम में प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से भी पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

