30 july 2026 ; Dehradun!
ऋषिकेश/हरिपुरकलां। श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान हरिपुरकलां क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही और यातायात पर पड़ रहे दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में 31 जुलाई से 11 अगस्त तक नियमित शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस अवधि में क्षेत्र के सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ उच्च शिक्षण संस्थान, तकनीकी एवं प्रशिक्षण संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। हालांकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी स्कूलों और कॉलेजों को ऑनलाइन माध्यम से कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान हरिपुरकलां क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों का आवागमन हो रहा है। इससे सड़क मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है और आम लोगों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
जिला प्रशासन ने संबंधित संस्थानों से आदेश का पालन सुनिश्चित करने और ऑनलाइन शिक्षा की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित करने को कहा है।

