30 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। क्लेमेंटटाउन क्षेत्र की नई बस्ती में गुरुवार शाम एक हृदयविदा रक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। बरसाती नाले के तेज बहाव की चपेट में आने से दो सगी मासूम बहनों की जान चली गई। दोनों बच्चियां नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई थीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
परिजनों के अनुसार परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का निवासी है और रोजगार की तलाश में नई बस्ती में किराये के मकान में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है। हादसे के समय बच्चियों के पिता किसी जरूरी काम से बिहार गए हुए थे। घटना की जानकारी उन्हें दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में मातम का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज बारिश के कारण नाले का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ गया था। इसी दौरान दोनों बच्चियां बहाव में बहकर रैंप के नीचे फंस गईं, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बरसाती नालों के आसपास सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और ऐसे संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

