29 july 2026 ; Dehradun!
चमोली। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध प्राकृतिक धरोहर फूलों की घाटी की मनमोहक छटा अब एक विशेष चित्रित पोस्टकार्ड के माध्यम से देश-विदेश के लोगों तक पहुंचेगी। ज्योतिर्मठ डाक विभाग, उत्तराखंड परिमंडल की ओर से इस विशेष पहल की शुरुआत की गई। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, उत्तराखंड परिमंडल शशि शालिनी कुजूर ने विशेष पोस्टकार्ड का विमोचन कर इसे औपचारिक रूप से जारी किया।
यह विशेष पोस्टकार्ड यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता, दुर्लभ अल्पाइन पुष्पों और मनोहारी हिमालयी परिदृश्यों को आकर्षक रूप में प्रदर्शित करता है। डाक विभाग का उद्देश्य इस अनूठे माध्यम के जरिए उत्तराखंड की समृद्ध प्राकृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना और पर्यटन को नई गति प्रदान करना है।
हर वर्ष हजारों देशी-विदेशी पर्यटक फूलों की घाटी की रंग-बिरंगी पुष्प संपदा और शांत प्राकृतिक वातावरण का अनुभव करने पहुंचते हैं। ऐसे में यह चित्रित पोस्टकार्ड न केवल एक स्मृति-चिह्न के रूप में लोगों को आकर्षित करेगा, बल्कि प्रदेश की जैव विविधता और प्राकृतिक धरोहर के प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डाक विभाग का मानना है कि यह पहल उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाने के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण और पर्यटन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी।

