29 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। मालदेवता क्षेत्र में भारी बारिश के बाद बंद पड़े मोटर मार्ग को दोबारा चालू कराने पहुंचे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। विभाग की शिकायत पर रायपुर थाना पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित कई नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विभाग के अनुसार, 28 जुलाई की सुबह वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मालदेवता-सेरकी-सिल्ला-भैसवाड़ मोटर मार्ग से बारिश के कारण जमा हुए मलबे को जेसीबी की मदद से हटाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार्य में हस्तक्षेप करते हुए कर्मचारियों के साथ कथित रूप से अभद्रता करने लगे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम प्रधान श्याम सिंह पयाल, सुरेश निवासी जबाड़ी, पंवार (रतन हार्डवेयर, मालदेवता) समेत अन्य लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने की धमकी देने और खाई की ओर धक्का देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना में विभाग का वाहन चला रहे चालक श्रतिक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ की एक उंगली टूटने की बात सामने आई है। वहीं नितिन चौहान और अमित जड़ोदिया को भी चोटें आई हैं। घायल चालक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।
घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा परिचालन केंद्र और उप जिलाधिकारी (एसडीएम) देहरादून को दी गई। इसके बाद विभाग ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

