27 july 2026 ; Dehradun!
मसूरी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में एक मोबाइल दुकान में चोरी की कोशिश उस समय विफल हो गई, जब पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों आरोपी पंजाब के संगरूर जिले के रहने वाले हैं और घूमने के लिए मसूरी आए थे।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह लाइब्रेरी बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान एक मोबाइल शोरूम में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। शक होने पर पुलिस टीम तुरंत दुकान के भीतर पहुंची, जहां दो युवक मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। मौके पर ही दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से नौ मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले कई उपकरण बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि मसूरी घूमने के दौरान उनके पास पैसे खत्म हो गए थे। इसी वजह से उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी ताकि सामान बेचकर रुपये जुटा सकें।
आरोपियों ने यह भी बताया कि पुलिस की लगातार रात्रि गश्त और चेकिंग के कारण वे पहले अपनी योजना को अंजाम नहीं दे पाए थे। हालांकि, सोमवार सुबह मौका मिलते ही उन्होंने दुकान में चोरी का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी कोशिश नाकाम हो गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगहीर सिंह निवासी जसूवती गांव शेरूड़, जिला संगरूर (पंजाब) और तरणप्रीत सिंह निवासी कमालपुर गांव, जिला संगरूर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

