27 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। रुड़की दौरे से लौटते समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एक आत्मीय और सहज व्यवहार देखने को मिला। देहरादून पुलिस लाइन हेलीपैड पर मौजूद एक स्कूली छात्रा को देखकर मुख्यमंत्री सीधे उसके पास पहुंचे और कुछ पल उसके साथ बिताए।
मुख्यमंत्री ने बच्ची को चॉकलेट भेंट की और मुस्कुराते हुए उसका नाम, कक्षा और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान उन्होंने बच्ची से यह भी पूछा कि क्या वह उन्हें पहचानती है। बच्ची ने झिझकते हुए मुख्यमंत्री का नाम बताया, जिस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराकर उसका उत्साह बढ़ाया।
बातचीत के अंत में मुख्यमंत्री ने बच्ची के सिर पर हाथ रखकर उसे आशीर्वाद दिया और उसके स्कूल से जुड़ी बातें भी पूछीं। वहां मौजूद लोगों ने इस सहज मुलाकात को कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस वीडियो को अपने एक्स (X) अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा कि प्रदेश के बच्चों की मुस्कान और उनके सपने ही उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, ताकि वे आत्मनिर्भर और सशक्त बनकर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

