27 july 2026 ; Dehradun!
उत्तराखंड सरकार पर्यटन क्षेत्र में बड़े निवेश और दीर्घकालिक विकास को बढ़ावा देने के लिए नई रणनीति पर काम कर रही है। इसी क्रम में नैनीताल जिले के पटवाडांगर को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से लैस प्रीमियम टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। वहीं, बिलकेदार को आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन की योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
पटवाडांगर परियोजना के तहत करीब 80 एकड़ क्षेत्र में इंटीग्रेटेड टूरिज्म सिटी विकसित की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी योजना का संचालन उत्तराखंड निवेश एवं अवसंरचना विकास बोर्ड (UIIDB) कर रहा है, जिसने निजी निवेशकों को जोड़ने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। अनुमान है कि इस परियोजना में लगभग ₹600 करोड़ का निवेश होगा।
प्रस्तावित टूरिज्म सिटी में 200 से अधिक लग्जरी होटल, आधुनिक हॉस्पिटैलिटी सुविधाएं और प्रकृति आधारित पर्यटन गतिविधियों को शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसे पर्यटकों को आकर्षित करना है, जो प्राकृतिक वातावरण के साथ उच्चस्तरीय पर्यटन अनुभव की तलाश में उत्तराखंड आते हैं।
इसके साथ ही बिलकेदार को स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन के रूप में विकसित करने की योजना धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई दिशा देगी। सरकार का मानना है कि इन दोनों परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से राज्य में निवेश बढ़ेगा, पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

