26 june 2026 : Dehradun!
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के युवा शिवांग रमोला ने भारत सरकार के माय भारत के तहत आयोजित ‘विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2026’ में भाग लेकर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। ऑनलाइन आयोजित राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन देशभर से चुने गए युवाओं के समूह में हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत शिवांग को हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के सीमावर्ती चुलिंग गांव में सात दिनों तक रहने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच रहकर उनकी जीवनशैली, संस्कृति, परंपराओं और सीमावर्ती क्षेत्रों की चुनौतियों को नजदीक से समझा।
सात दिवसीय कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, सांस्कृतिक गतिविधियों, ग्रामीण संवाद और सामाजिक सहभागिता जैसे कई कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसका उद्देश्य युवाओं को सीमांत गांवों के विकास और स्थानीय समुदायों से जोड़ना था।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रतिभागियों से वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
शिवांग रमोला ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि चुलिंग गांव में बिताया गया समय उनके जीवन की सबसे प्रेरणादायक यादों में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिवार ने उन्हें अपने सदस्य की तरह अपनाया और वहां के लोगों का अपनापन, संस्कृति तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा।

