25 july 2026 ; Dehradun!
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले में लाखों शिवभक्तों के आगमन को देखते हुए नगर निगम ने गंगा घाटों की सफाई व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने की पहल की है। पहली बार घाटों की नियमित सफाई के लिए आधुनिक स्क्रबर और ऑटोमैटिक स्वीपिंग मशीनों का उपयोग किया जाएगा, जिससे कम समय में अधिक क्षेत्र की प्रभावी सफाई संभव हो सकेगी।
इन अत्याधुनिक मशीनों की उपलब्धता कोटक बैंक के सहयोग से सुनिश्चित की गई है। नगर निगम का मानना है कि बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच पारंपरिक सफाई व्यवस्था के साथ मशीनों का इस्तेमाल घाटों को साफ-सुथरा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस व्यवस्था की शुरुआत करते हुए महापौर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार केवल एक धार्मिक नगरी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में कांवड़ मेले जैसे बड़े आयोजनों के दौरान स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की सबसे अहम जिम्मेदारियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को साफ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम लगातार नई व्यवस्थाओं को अपनाने का प्रयास कर रहा है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, मशीनों की सहायता से घाटों पर जमी धूल, कचरा और अन्य अपशिष्ट को तेजी से हटाया जा सकेगा। इससे सफाई कार्य की गति बढ़ेगी और घाटों की स्वच्छता लंबे समय तक बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। इसके साथ ही सफाई कर्मियों की टीमें भी लगातार निगरानी और सफाई कार्य में जुटी रहेंगी।
कार्यक्रम के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, प्रोजेक्ट इंजीनियर योगेश मिश्रा, सफाई निरीक्षक आकाश कुमार समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि मेले के दौरान घाटों की साफ-सफाई को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

