25 july 2026 ; Dehradun!
विकासनगर। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र की नवाबगढ़ ग्राम पंचायत के डाक्टरगंज में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कुत्तों के झुंड लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे स्थानीय residents में दहशत का माहौल है।
शुक्रवार को डाक्टरगंज क्षेत्र में कुत्तों के एक झुंड ने 10 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्तों ने बच्चे को बुरी तरह नोच डाला, जिससे उसके सिर में गहरी चोटें आईं। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाया।
घायल बच्चे को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर पर 12 टांके लगाए। घटना के बाद बच्चा काफी भयभीत है और परिवार भी चिंतित है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और वे आए दिन लोगों को परेशान कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कुत्तों के बढ़ते आतंक पर जल्द नियंत्रण लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

