24 july 2026 ; Dehradun!
उत्तराखंड सरकार ने शुक्रवार देर शाम प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 11 आईएएस और आईएफएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सचिव नितेश कुमार झा से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग का प्रभार वापस लेकर उन्हें पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सचिव रविनाथ रमन से विद्यालयी शिक्षा विभाग हटाकर उन्हें परिवहन विभाग का सचिव और आयुक्त परिवहन नियुक्त किया गया है।
सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय को उनके मौजूदा विभागों के साथ आईटी विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सचिव बृजेश कुमार संत से परिवहन विभाग हटाकर उन्हें आबकारी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
सचिव डॉ. सुरेंद्र नारायण पांडेय को वर्तमान दायित्वों के साथ गन्ना विकास एवं चीनी विभाग भी सौंपा गया है। हाल ही में प्रतिनियुक्ति से लौटी सचिव ज्योति यादव को बाध्य प्रतीक्षा से मुक्त करते हुए विद्यालयी शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है।
सचिव युगल किशोर पंत को उनके मौजूदा विभागों के साथ सचिवालय प्रशासन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं सचिव रणवीर सिंह चौहान से सचिवालय प्रशासन और गन्ना एवं चीनी विकास विभाग वापस लेकर उन्हें वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रमुख सचिव एल. फैनई से आबकारी विभाग का प्रभार हटा दिया गया है, जबकि उनके अन्य विभाग यथावत रहेंगे। आईएफएस अधिकारी डॉ. पराग मधुकर धकाते को विशेष सचिव पंचायती राज के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। इसके अलावा अपर सचिव अभिषेक रुहेला को वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य संपत्ति विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

