24 july 2026 ; Dehradun!
रामनगर: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर और कॉर्बेट से लगे ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही बारिश के बीच सांपों की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। बीते तीन दिनों में वन विभाग और रेस्क्यू टीमों ने अलग-अलग स्थानों से 30 से अधिक सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा। रेस्क्यू किए गए सांपों में कोबरा, रसेल वाइपर, कॉमन करैत, धामन और करीब 18 फीट लंबा बर्मीज पायथन शामिल है।
वन विभाग के अनुसार, मानसून के दौरान बिलों में पानी भरने और नमी बढ़ने के कारण सांप आबादी वाले क्षेत्रों की ओर निकल आते हैं। इसी वजह से घरों, खेतों और आसपास के इलाकों में इनके दिखाई देने की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। सबसे अधिक चर्चा 18 फीट लंबे बर्मीज पायथन के रेस्क्यू की रही, जिसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें। तुरंत वन विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि बिना किसी नुकसान के सांप को सुरक्षित हटाया जा सके।
वन विभाग ने यह भी सलाह दी है कि बारिश के मौसम में घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, झाड़ियों को समय-समय पर हटाएं और रात के समय टॉर्च का उपयोग करें। विशेषज्ञों का कहना है कि सतर्कता और समय पर सूचना देने से ऐसे मामलों में किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सकता है।

