23 july 2026 : Dehradun!
ऋषिकेश/लक्ष्मणझूला। लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी के तेज बहाव ने एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। बजरंग सेतु के समीप घाट पर स्नान के दौरान हादसा उस समय हुआ, जब युवक अचानक संतुलन खो बैठा और तेज धारा में बह गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए गंगा नदी में व्यापक सर्च अभियान शुरू किया। टीम ने कई स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
एसडीआरएफ निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि थाना लक्ष्मणझूला से सूचना प्राप्त होने के बाद रेस्क्यू टीम को तत्काल रवाना किया गया। टीम लगातार नदी के विभिन्न हिस्सों में खोज अभियान चला रही है और युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
लापता युवक की पहचान शिवांशु राज (22) पुत्र अनूप पांडे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के पश्चिम चंपारण (बेतिया) जिले का निवासी था। वर्तमान में वह नई दिल्ली के नेहरू प्लेस स्थित चावला हाउस में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बताया गया है कि वह अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने के लिए लक्ष्मणझूला आया था। इसी दौरान गंगा में स्नान करते समय यह हादसा हो गया।
घटना के बाद युवक के साथ आए उसके साथी भी सदमे में हैं। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि गंगा नदी में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

