21 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की गायनी इमरजेंसी में इलाज के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि मरीज के साथ आए परिजनों ने अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई को एक महिला मरीज को उपचार के लिए गायनी इमरजेंसी लाया गया था। प्रारंभिक जांच के तहत अस्पताल स्टाफ ने रक्त का नमूना लेकर उसे जांच के लिए भेज दिया। इसी दौरान अन्य चिकित्सीय जांच को लेकर मरीज के परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपितों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, महिला सुरक्षा कर्मी कविता के चेहरे पर पानी की बोतल से वार किया गया, जिससे वह घायल हो गईं। बीच-बचाव करने पहुंचे सुरक्षा गार्ड हरेंद्र सिंह और रमेश नौटियाल के साथ भी मारपीट की गई। वहीं वार्ड आया दीपा को भी लात मारने का आरोप लगाया गया है। घटना में कई कर्मचारियों को चोटें आई हैं।
अस्पताल की स्टाफ नर्स प्रियंका की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर सुभान्या नामक महिला और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
घटना का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

