29 july 2026 ; Dehradun!
विकासनगर। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के अंतर्गत नवाबगढ़ ग्राम पंचायत के डाक्टरगंज में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में छै वर्षीय बच्चे की जान चली गई। लगातार हुई तेज बारिश के कारण सड़क पर जलभराव हो गया था। इसी दौरान मोहल्ले के कई बच्चे सड़क पर जमा पानी में नहा रहे थे। खेलते-खेलते एक सात वर्षीय बच्चा पानी के तेज बहाव के साथ पाइपलाइन के मुहाने तक पहुंच गया और उसमें फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना पुल नंबर एक पार स्थित मस्जिद के पास हुई, जहां बारिश का पानी तेजी से बह रहा था। अचानक बच्चे के पाइपलाइन में फंसने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकालने का प्रयास किया और सूचना मिलने पर पुलिस व अन्य संबंधित टीमें भी मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मोहल्ले के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान खुले नालों, पाइपलाइन और जलनिकासी व्यवस्था की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे स्थानों को सुरक्षित बनाया जाए और जलभराव वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

