18 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। फ्लैग ऑफ के साथ ही इस नई ट्रेन के नियमित संचालन की शुरुआत हो गई। यह एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन चलेगी और राज्य के कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडलों के बीच आवागमन को पहले से अधिक आसान बनाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह रेल सेवा केवल एक नई ट्रेन की शुरुआत नहीं है, बल्कि उत्तराखंड के दो प्रमुख क्षेत्रों को विकास, व्यापार, शिक्षा और पर्यटन के नए अवसरों से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से लोगों की आवाजाही आसान होगी और राज्य के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में रेलवे नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक रेल सुविधाएं राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
नई रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे न केवल कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी उत्तराखंड तक सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा।
इस नई सेवा से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, पर्यटकों और आम यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सकारात्मक गति मिल सकती है।
राज्य सरकार का मानना है कि आने वाले समय में इस तरह की रेल सेवाएं उत्तराखंड में बेहतर कनेक्टिविटी, निवेश और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेंगी। रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और उपयोगी पहल मानी जा रही है।

