17 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। सहारनपुर रोड स्थित श्री मां डाटकाली मनोकामना सिद्धपीठ मंदिर के 223वें वार्षिकोत्सव की तैयारियां श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार शाम मंदिर के पवित्र पांच झंडों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
नगर परिक्रमा की शुरुआत चंद्रबनी चौक स्थित भगवती पैलेस से हुई, जहां महंत शुभम गोस्वामी के सानिध्य में विद्वान पंडितों ने मां डाटकाली सहित पांचों पवित्र झंडों का पूजन कराया। इसके बाद श्रद्धालु झंडों के साथ सुभाषनगर चौक तक पैदल यात्रा करते हुए पहुंचे। यात्रा के दौरान मां डाटकाली, हनुमान, भैरव और भगवान शिव के पवित्र निशानों के दर्शन कर लोगों ने आशीर्वाद लिया।
भजन-कीर्तन के बीच निकली इस शोभायात्रा में श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ शामिल रहे। “आ मां आ तुझे दिल ने पुकारा”, “तेरे दरबार में मैया खुशी मिलती है” जैसे भजनों पर भक्त झूमते नजर आए। नगर परिक्रमा के समापन के बाद पवित्र झंडों को वाहनों के माध्यम से डाटकाली मंदिर लाया गया, जहां उन्हें हनुमान मंदिर में विराजमान किया गया।
मुख्य सेवादार गौरव कुमार ने बताया कि 21 जुलाई को आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी के अवसर पर मंदिर का 223वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन विशेष धार्मिक अनुष्ठान, पूजा और माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को हवन-पूजन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन सुबह पांचों पवित्र झंडों की स्थापना श्री मां डाटकाली मनोकामना सिद्धपीठ, मां भद्रकाली मंदिर, हनुमान मंदिर तथा झंडा बाजार स्थित मां शाकुंभरी मंदिर सहित निर्धारित धार्मिक स्थलों पर की जाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों में मंदिर समिति और सेवादार सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। इस अवसर पर श्लोक गोस्वामी, दिनेश अग्रवाल (टीटू भाई), नर्सिंग दास, हरीश मारवाह, शोभित गोस्वामी, नीरज गोस्वामी, शिवम गोयल, अमीचंद, श्रवण वर्मा, गोकुल परविंदा, गौतम प्रजापति, आचार्य अनूप ममगाईं, आचार्य शैलेंद्र थपलियाल सहित अनेक श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

