16 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून में राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बन्नू स्कूल ग्राउंड में टेंट लगाने का काम चल रहा था, तभी अचानक लोहे का गार्डर कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत सीएमआई अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। अमर मेहता के निधन की खबर से पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई।
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि राहुल गांधी के 17 जुलाई के कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। क्रेन की मदद से वाटरप्रूफ टेंट लगाया जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। राहुल गांधी के कार्यक्रम से ठीक पहले हुई इस घटना ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गहरे सदमे में डाल दिया।

