16 july 2026 ; Dehradun!
गोपेश्वर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में चमोली जनपद के विकास को नई दिशा देने वाली 63 महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं की कुल लागत 155.36 करोड़ रुपये है, जिनका उद्देश्य जिले में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 113.99 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि 41.37 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 27 योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को केवल शहरों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के हर जिले में समान रूप से विकास कार्यों को गति दे रही है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने चमोली को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से उत्तराखंड का महत्वपूर्ण जनपद बताते हुए कहा कि यहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था और पर्यटन विकास को प्राथमिकता देते हुए जिले के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। विकास योजनाओं की घोषणा के बाद क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई कि इन परियोजनाओं के समयबद्ध पूरा होने से चमोली में आवागमन, रोजगार, पर्यटन और जनसुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।

