13 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। मानसून के दौरान बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए परिवहन विभाग ने जिलेभर में विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में विभिन्न स्थानों पर संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 70 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 15 वाहनों को सीज कर दिया गया।
अभियान में परिवहन कर अधिकारी अनुराधा पंत की आशारोड़ी डायनेमिक टास्क फोर्स, इंटरसेप्टर प्रभारी एवं परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत तथा एआरटीओ (प्रवर्तन) रत्नाकर सिंह की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। चेकिंग अभियान चकराता रोड, प्रेमनगर, शिमला बाईपास, जेम्स रोड, कमला पैलेस, निरंजनपुर मंडी, आशारोड़ी, टर्नर रोड, मोहब्बेवाला, हरिद्वार बाईपास और आईएसबीटी सहित कई प्रमुख स्थानों पर चलाया गया।
जांच के दौरान बिना वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि बारिश के मौसम में सड़कें फिसलन भरी होने के कारण छोटी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने वाहन चालकों से सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
इसी क्रम में सड़क सुरक्षा के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज, बालावाला में परिवहन विभाग और रुद्राक्ष फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिवहन कर अधिकारी एम. डी. पपनोई ने विद्यार्थियों को ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की अनिवार्यता और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा के संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि जागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

