12 july 2026 ; Dehradun!
मसूरी। लगातार हो रही बारिश का असर पहाड़ी क्षेत्रों में साफ दिखाई देने लगा है। शनिवार देर रात मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पर गलोगी क्षेत्र के पास स्थित हनुमान मंदिर से लगभग एक किलोमीटर आगे देहरादून की दिशा में पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे। इसके चलते मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
भूस्खलन के कारण कई चारपहिया और दोपहिया वाहन बीच रास्ते में ही फंस गए। देर रात तक पर्यटक, स्थानीय निवासी और अन्य यात्री सड़क खुलने का इंतजार करते रहे। मार्ग बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई यात्रियों को घंटों तक अपने वाहनों में ही रुकना पड़ा।
सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। बारिश और पहाड़ी से लगातार छोटे पत्थर गिरने के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आईं, लेकिन लगातार प्रयासों के बाद रविवार तड़के सड़क से मलबा हटाकर यातायात को फिर से सुचारु कर दिया गया।
लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय मौसम की जानकारी अवश्य लें और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। बारिश के दौरान भूस्खलन की आशंका बनी रहती है, इसलिए अनावश्यक यात्रा से बचना और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सुरक्षित रहेगा।

