11 july 2026 : देहरादून।
मसूरी-देहरादून मार्ग पर शनिवार देर रात एक युवक के खाई में गिरने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और राजपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कठिन परिस्थितियों के बीच टीम ने युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, रोहित नाम का युवक अपने एक दोस्त के साथ स्कूटी से मसूरी से देहरादून लौट रहा था। रास्ते में शिव मंदिर के पास उसने स्कूटी सड़क किनारे रोक दी। बताया जा रहा है कि युवक ने शराब का सेवन किया हुआ था। कुछ देर सड़क किनारे बैठने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। रात का समय होने और खाई की गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। बचाव दल ने आवश्यक उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, युवक को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम ने बिना देर किए संयुक्त अभियान शुरू किया। टीम के समन्वित प्रयासों से युवक को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें। नशे की हालत में सड़क किनारे या खतरनाक स्थानों पर रुकने से बचें, क्योंकि थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

