5 july 2026,
नई दिल्ली। सैन्य नर्सिंग सेवा (Military Nursing Service) को नया नेतृत्व मिल गया है। मेजर जनरल रेचल थॉमस ने सैन्य नर्सिंग सेवा (एमएनएस) की अतिरिक्त महानिदेशक (Additional Director General) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके नेतृत्व से सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मेजर जनरल रेचल थॉमस को वर्ष 1988 में सैन्य नर्सिंग सेवा में कमीशन प्राप्त हुआ था। इसके बाद से उन्होंने लगभग चार दशकों तक आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विसेज़ के अंतर्गत देश के विभिन्न सैन्य अस्पतालों, प्रशिक्षण संस्थानों तथा सीमावर्ती और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने सैनिकों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ नर्सिंग प्रशासन, प्रशिक्षण और चिकित्सा प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
नई जिम्मेदारी संभालते हुए मेजर जनरल रेचल थॉमस से सैन्य नर्सिंग सेवा के आधुनिकीकरण, पेशेवर प्रशिक्षण और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने की उम्मीद की जा रही है। उनका व्यापक अनुभव सैन्य चिकित्सा व्यवस्था को नई दिशा देने में सहायक माना जा रहा है।
उन्होंने इस पद पर मेजर जनरल लिसाम्मा पीवी का स्थान लिया है, जो 31 मई 2026 को अपनी सेवाओं से सेवानिवृत्त हुईं। उनके कार्यकाल में भी सैन्य नर्सिंग सेवा ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की थीं।
मेजर जनरल रेचल थॉमस की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब सशस्त्र बलों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में उनके नेतृत्व से सैन्य नर्सिंग सेवा की कार्यक्षमता और सेवा गुणवत्ता को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

