4 july 2026,
देहरादून। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने राज्य की न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से न्यायिक अधिकारियों के तबादलों और अतिरिक्त प्रभार से संबंधित नई अधिसूचना जारी की है। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई महत्वपूर्ण न्यायिक पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
सबसे अहम निर्णय के तहत हरिश कुमार गोयल को देहरादून का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे पौड़ी गढ़वाल स्थित परिवार न्यायालय में प्रधान न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे। देहरादून का यह पद कुछ समय से रिक्त था, जिसे अब भर दिया गया है। हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार उनका स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
अधिसूचना में अन्य न्यायिक अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। नैनीताल में प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार को विशेष एनडीपीएस न्यायालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जिससे मादक पदार्थों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण में सहायता मिलने की उम्मीद है।
इसी क्रम में देहरादून की एफटीसी एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुसुम को विशेष पॉक्सो न्यायालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, देहरादून के तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक श्रीवास्तव को विशेष न्यायालय-2 (एनडीपीएस) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
ऊधमसिंह नगर में भी न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एफटीसी एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनीता गुंजियाल को विशेष पॉक्सो न्यायालय का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। यह व्यवस्था लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और न्यायिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
हाईकोर्ट द्वारा जारी इस अधिसूचना के बाद सभी संबंधित अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। माना जा रहा है कि इन प्रशासनिक बदलावों से विभिन्न जिलों में न्यायिक कार्यों की गति और दक्षता में सुधार होगा तथा संवेदनशील मामलों की सुनवाई को और अधिक व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

