30 june 2026
देहरादून। उत्तराखंड के सड़क नेटवर्क को नई मजबूती देने की दिशा में केंद्र सरकार ने राज्य को बड़ी सौगात दी है। विभिन्न सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए कुल 7,016 करोड़ रुपये की मंजूरी मिलने से राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलने की उम्मीद है।
इस स्वीकृति के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचओ) कार्यक्रम की पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए 2,966 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में 750 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर भी सहमति दी गई है। इससे प्रदेश के कई क्षेत्रों में सड़क निर्माण और सुधार कार्यों को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ हुई बैठक में राज्य की आवश्यकताओं को मजबूती से रखा। उन्होंने सड़क और आधारभूत ढांचे से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।
मुख्यमंत्री धामी लगातार उत्तराखंड के विकास से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाते रहे हैं। उनकी सक्रिय पहल और निरंतर प्रयासों के कारण राज्य को विकास परियोजनाओं में लगातार नई मंजूरियां मिल रही हैं। सड़क अवसंरचना को मजबूत बनाने की यह पहल भविष्य में पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।
राज्य सरकार का मानना है कि बेहतर सड़क संपर्क से पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी, यात्रा अधिक सुरक्षित बनेगी और विकास की रफ्तार को नया आयाम मिलेगा। यह मंजूरी उत्तराखंड के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

