30 june 2026
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में टौंस नदी पर बन रहे नंदा की चौकी पुल के पुनर्निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। मंगलवार को प्रदेश के लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और तय समय के भीतर सभी शेष कार्य पूरे करने को कहा।
मंत्री ने बताया कि पुल का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और यदि मौसम अनुकूल रहा तो अगले 10 दिनों के भीतर इसे आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। पुल शुरू होने से प्रेमनगर, नंदा की चौकी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को राहत मिलेगी, क्योंकि लंबे समय से इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा है।
यह पुल बाढ़ से हुए नुकसान के बाद दोबारा तैयार किया जा रहा है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के सहयोग से किया जा रहा है। इस बार पुल को अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए पारंपरिक ओपन फाउंडेशन की जगह आधुनिक वेल फाउंडेशन तकनीक अपनाई गई है, जिससे भविष्य में बाढ़ और तेज जलप्रवाह का प्रभाव कम होगा।
निर्माण कार्य के तहत नदी के दोनों किनारों पर आरसीसी सुरक्षा दीवारें भी बनाई जा रही हैं। साथ ही पुल के अन्य पिलरों को भी अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने के लिए सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है, ताकि पुल की मजबूती और टिकाऊपन लंबे समय तक बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना तय समय सीमा में परियोजना पूरी की जाए।

