30 june 2026
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में चार जुलाई एक महत्वपूर्ण तारीख के रूप में दर्ज होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने लगातार कार्यकाल के आधार पर राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नेता बन जाएंगे। इसके साथ ही वह पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के लगातार मुख्यमंत्री रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे।
पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई 2021 को पहली बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को दोबारा जनादेश मिला और धामी के नेतृत्व में नई सरकार का गठन हुआ। तब से लेकर अब तक वह लगातार मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
इससे पहले उत्तराखंड में सबसे लंबे समय तक लगातार मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड एनडी तिवारी के नाम था। उन्होंने 2 मार्च 2002 से 7 मार्च 2007 तक लगातार मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था, जो कुल 1831 दिनों का कार्यकाल रहा। चार जुलाई को मुख्यमंत्री धामी का लगातार कार्यकाल इस अवधि से आगे निकल जाएगा और उनके नाम नया रिकॉर्ड दर्ज होगा।
इस अवसर को लेकर प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही हैं। जानकारी के अनुसार, सरकार की उपलब्धियों और जनसेवा से जुड़े कार्यों को रेखांकित करने के उद्देश्य से कई स्थानों पर ‘सेवा सप्ताह‘ के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, भारतीय जनता पार्टी भी संगठन स्तर पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्यक्रमों के माध्यम से इस उपलब्धि को रेखांकित करेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लगातार दो कार्यकालों के बीच मुख्यमंत्री पद पर बने रहना उत्तराखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। राज्य गठन के बाद कई बार नेतृत्व परिवर्तन देखने को मिला, लेकिन धामी ने जुलाई 2021 से अब तक लगातार मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालते हुए एक नया अध्याय जोड़ा है।
चार जुलाई के बाद उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नाम सबसे लंबे समय तक लगातार मुख्यमंत्री रहने वाले नेता के रूप में दर्ज होगा। यह उपलब्धि राज्य की राजनीतिक यात्रा में एक उल्लेखनीय पड़ाव मानी जाएगी।

