देहरादून, 24 जून।
भारतीय निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले पद्मश्री सम्मानित निशानेबाज स्वर्गीय जसपाल राणा की त्रयोदशी के अवसर पर बुधवार को देहरादून के मझौन गांव में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वर्गीय जसपाल राणा के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उनके खेल जीवन और देश के लिए किए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने भारतीय निशानेबाजी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई और अपनी प्रतिभा से देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल जगत में उनके योगदान को लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा।
राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम के दौरान राणा परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति और साहस प्रदान करें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गौरवान्वित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा केवल एक महान खिलाड़ी ही नहीं थे, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत भी थे। उनके संघर्ष, अनुशासन और उपलब्धियां आने वाले वर्षों में युवाओं का मार्गदर्शन करती रहेंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जसपाल राणा के व्यक्तित्व, उनकी खेल उपलब्धियों और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया। श्रद्धांजलि सभा का माहौल भावुक रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, खेल प्रेमियों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरव बहुगुणा और खजान दास, सांसद डॉ. महेश शर्मा, अजय भट्ट, डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, विधायक पंकज सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जसपाल राणा ने अपने शानदार खेल करियर के दौरान देश को कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां दिलाईं और भारतीय निशानेबाजी को नई दिशा प्रदान की। उनके निधन से खेल जगत को हुई क्षति को अपूरणीय बताते हुए उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

