14 june 2026
गदरपुर (ऊधम सिंह नगर): उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने आयोजन स्थल पर पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के लिए तैयार किए जा रहे आवास, परिवहन, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की पहचान और क्षमता को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का अवसर है। ऐसे में आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था वैश्विक मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों और खेल प्रतिनिधियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने आयोजन स्थल की साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक संसाधनों और साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। राज्य सरकार इन संभावनाओं को बेहतर मंच देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। क्याकिंग और कैनोइंग जैसी प्रतियोगिताएं न केवल खेल प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करेंगी, बल्कि राज्य में पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई गति देंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक आयोजित होने के बाद उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए एक नई पहचान दिलाएगी। साथ ही राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया और बताया कि अधिकांश व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। प्रशासन का दावा है कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
उत्तराखंड में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने जा रही यह प्रतियोगिता राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ सकती है, जिस पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं।

