3 june 2026
देहरादून। उत्तराखंड में युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर सृजित करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों में लगभग 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों का अवसर उपलब्ध कराने के बाद अब राज्य के प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा का परिणाम जारी होने के साथ ही योग्य युवाओं के लिए प्रशासनिक सेवाओं में अधिकारी बनने का रास्ता खुल गया है।
लंबे समय से परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह घोषणा बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। चयनित अभ्यर्थी अब राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बनकर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के समाधान और सुशासन को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को राज्य की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए हमेशा पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया पर जोर दिया है। सरकार का लक्ष्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर प्रदान करना भी है। इसी सोच के तहत भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने, नकल विरोधी कानून लागू करने और चयन प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने जैसे कई कदम उठाए गए हैं।
राज्य में पिछले कुछ वर्षों के दौरान सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में भर्तियां पूरी होने से युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति विश्वास बढ़ा है। अब पीसीएस परीक्षा का परिणाम जारी होने से उन अभ्यर्थियों के सपनों को नई उड़ान मिली है जो प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और राज्य के विकास में योगदान देना चाहते हैं।
राजनीतिक और प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि समयबद्ध भर्ती प्रक्रियाएं और परिणामों की घोषणा युवाओं के मनोबल को बढ़ाने का काम करती हैं। इससे एक ओर रोजगार के अवसर बढ़ते हैं तो दूसरी ओर राज्य को दक्ष और प्रतिबद्ध अधिकारी भी मिलते हैं।
पीसीएस परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल है। चयनित उम्मीदवार अब आगामी प्रशिक्षण और नियुक्ति प्रक्रिया की तैयारियों में जुटेंगे। वहीं यह सफलता हजारों अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगी, जो आने वाले समय में प्रशासनिक सेवाओं में अपनी पहचान बनाने का सपना संजोए हुए हैं।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में रोजगार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था को लेकर उठाए जा रहे कदमों के बीच पीसीएस परिणाम का जारी होना राज्य के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि और नए अवसरों का संदेश लेकर आया है।

