2 june 2026
टनकपुर। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित पीसीएस-2024 परीक्षा परिणाम में टनकपुर की अंजली चंद ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। अंजली ने प्रतिष्ठित उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर सहायक नगर आयुक्त पद के लिए चयन प्राप्त किया है।
वर्तमान में अंजली चंद अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा विकासखंड में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। परिणाम घोषित होने के बाद उनके आवास पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा।
अंजली की सफलता को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। उन्होंने अपने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंजली ने टनकपुर का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।

