28 may 2026
देहरादून पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गुरुवार को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट परिसर ढोल-दमाऊ की गूंज और फूल-मालाओं से पूरी तरह उत्सवमय नजर आया।
भाजपा कार्यकर्ता पारंपरिक वेशभूषा में एयरपोर्ट पहुंचे और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के रंग में अपने नेता का अभिनंदन किया। जैसे ही नितिन नवीन एयरपोर्ट से बाहर आए, कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर और नारे लगाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे।
एयरपोर्ट से देहरादून शहर तक कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने बैनर और स्वागत द्वार लगाकर उनका अभिनंदन किया। भाजपा नेताओं का कहना है कि नितिन नवीन का यह दौरा संगठनात्मक बैठकों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दून की सड़कों पर भाजपा समर्थकों का उत्साह साफ दिखाई दिया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और नारों के बीच पूरा माहौल राजनीतिक ऊर्जा से भर गया।

